न्यूज डेस्क लखनऊ
लखनऊ, 1 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया जाएगा। वन विभाग की ओर से इस दौरान प्रदेशभर में स्कूली बच्चों और आमजन को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वन्यजीव सप्ताह के दौरान मास्क मेकिंग, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, फैंसी ड्रेस, फेस पेंटिंग, रंगोली और मेहंदी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चे वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी रचनात्मक सोच को सामने रखेंगे।
लखनऊ समेत कई चिड़ियाघरों में निःशुल्क प्रवेश
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रामकुमार ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के तहत जनपद और तहसील स्तर पर विद्यालयों में वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। लखनऊ, गोरखपुर और कानपुर समेत अन्य प्राणि उद्यानों में 12 वर्ष तक के स्कूली बच्चों और प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। बच्चों को स्कूल की यूनिफॉर्म में परिचय पत्र के साथ आना होगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर जागरूकता
वन विभाग का फोकस मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और वन्यजीवों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी रहेगा। राज्य पक्षी सारस, राज्य वन्य पशु बारहसिंघा, राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन और सर्प समेत विभिन्न वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लखनऊ चिड़ियाघर में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्वाल ने बताया कि 2 अक्टूबर को सारस प्रेक्षागृह में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ होगा। इसके बाद 3 अक्टूबर से कक्षा 6 से 8, कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों में प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
3 अक्टूबर को बारादरी प्राणि उद्यान में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर मास्क मेकिंग प्रतियोगिता होगी। वहीं डकपांड विजिटर शेड में वन्यजीवों के छद्म आवरण और अनुकरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
4 अक्टूबर को ‘यदि वन्यजीव बोल पाते तो…’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक विद्यालय की टीम में 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।
5 अक्टूबर को सारस प्रेक्षागृह में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित वाइल्डलाइफ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। 6 अक्टूबर को फेस पेंटिंग तथा 7 अक्टूबर को झूला पार्क में रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 8 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
