रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
चंबा। रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटी और गुणवत्ताहीन मिठाई की बड़ी खेप पकड़ी। वीरवार सुबह करीब 6 बजे चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चनेड के पास नाकाबंदी के दौरान पंजाब के पठानकोट से आ रहे एक वाहन की जांच की गई। वाहन से करीब 4.50 क्विंटल यानी 450 किलोग्राम मिठाई बरामद हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मिठाई में अत्यधिक मात्रा में अमानक सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा मिठाई की गुणवत्ता और स्वच्छता भी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पूरी खेप को जब्त कर लिया।
सूचना के बाद लगाया गया था नाका
अधिकारियों के अनुसार, बाहरी राज्यों से चंबा जिले के बाजारों में घटिया और अत्यधिक रंगदार मिठाइयों की आपूर्ति किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चनेड के पास नाकाबंदी की।
सुबह करीब 6 बजे पठानकोट की ओर से आ रहे आपूर्ति वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में विभिन्न प्रकार की बड़ी मात्रा में मिठाइयां मिलीं। जांच में इनमें अमानक सिंथेटिक रंगों के इस्तेमाल के साथ गुणवत्ता और स्वच्छता में भी खामियां सामने आईं।
450 किलो मिठाई मौके पर कराई गई नष्ट
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 4.50 क्विंटल मिठाई को अपने कब्जे में लेने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद पूरी खेप को चनेड के पास ही सुरक्षित तरीके से नष्ट करवा दिया गया, ताकि इसे बाजार में बिक्री के लिए न पहुंचाया जा सके।
रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से मिलावटी मिठाइयों की आपूर्ति करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ किया है कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
