समय रैना ने शुक्रवार शाम ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का नया एपिसोड जारी किया। इसके बाद बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर कॉमेडियन की तारीफ करते हुए उनका बचाव किया। पूनावाला ने समय को संवेदनशील, समझदार और दूसरों के प्रति सहानुभूति रखने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि समय का एक ऐसा पक्ष भी है, जिस पर अक्सर लोगों की नजर नहीं जाती।
‘लोग समय को उनके जोक्स और भाषा से आंकते हैं’
शहजाद पूनावाला ने लिखा कि लोग अक्सर समय रैना को उनकी भाषा, जोक्स, वायरल जवाबों और चर्चित पलों के आधार पर जज करते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि वह किसी व्यक्ति को इस आधार पर आंकना पसंद करते हैं कि वह तब क्या करता है, जब उससे अपने चरित्र को साबित करने की उम्मीद नहीं की जा रही होती।
उन्होंने कहा कि वह समय के पिता को जानते हैं और अपने माता-पिता के प्रति समय ने जिस प्यार, जिम्मेदारी और समर्पण का परिचय दिया है, वह उनके बारे में किसी भी वायरल क्लिप से कहीं ज्यादा बताता है।
वायरल ‘पांच नंबर’ वाले पल का किया जिक्र
पूनावाला ने समय रैना के एक हालिया वायरल वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि समय के दिए गए पांच नंबरों से एक लड़की का औसत स्कोर नौ तक पहुंच गया और अंत में उसे जीत हासिल करने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि समय ने इस दौरान कई कदम आगे की सोच रखी थी, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि उन्होंने किसी और के बारे में सोचा।
पूनावाला ने समय की तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी बेबाक और मजाकिया छवि के पीछे सहानुभूति, समझदारी और एक संवेदनशील दिल भी है।
‘कभी-कभी आपकी वैल्यूज आपके बोलने से नहीं, जीने से दिखती हैं’
शहजाद पूनावाला ने कहा कि समय रैना यह याद दिलाते हैं कि कई बार किसी व्यक्ति की वैल्यूज उसकी बातों से ज्यादा इस बात से नजर आती हैं कि वह अपनी जिंदगी कैसे जीता है।
अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने समय के नाम का जिक्र करते हुए लिखा कि समय लगातार बदलता रहता है। बुरा वक्त हमेशा नहीं रहता और अच्छा वक्त भी हमेशा नहीं चलता। इसलिए इंसान को अच्छा और विनम्र बने रहना चाहिए।
पूनावाला की यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब समय रैना एक बार फिर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
