Homeमनोरंजनहनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम, 45 दिन बाद भी...

हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम, 45 दिन बाद भी जारी है शानदार कमाई

रिपोर्ट – प्रिया बजपाई शुक्ला

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस रविवार का नजारा काफी दिलचस्प रहा। एक तरफ नई रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्मों को दर्शकों के लिए संघर्ष करना पड़ा, वहीं दूसरी तरफ करीब डेढ़ महीने पुरानी ‘हनुमान अंश’ अब भी सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के 45 दिन बाद भी फिल्म की कमाई में खास गिरावट देखने को नहीं मिली है।

सातवें हफ्ते में पहुंच चुकी ‘हनुमान अंश’ ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने शुक्रवार को 5 करोड़ और शनिवार को 9.75 करोड़ रुपये कमाए। रविवार को कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने करीब 13.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 271.88 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

‘दायरा’ की धीमी शुरुआत

शुक्रवार को रिलीज हुई करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ‘दायरा’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस थ्रिलर फिल्म ने रविवार को करीब 1.75 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का तीन दिनों का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन महज 4.50 करोड़ रुपये रहा। शुरुआती आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को दर्शकों से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली।

‘वाइब’ का प्रदर्शन भी उम्मीद से कम

कुणाल खेमू के निर्देशन और अभिनय वाली फिल्म ‘वाइब’ का प्रदर्शन ‘दायरा’ से थोड़ा बेहतर रहा। फिल्म ने रविवार को करीब 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही तीन दिनों में फिल्म की कुल कमाई 7.45 करोड़ रुपये हो गई।हालांकि, यह आंकड़ा भी फिल्म से जुड़ी उम्मीदों की तुलना में कम माना जा रहा है।

हॉलीवुड की ‘रेसिडेंट ईविल’ ने भी बनाई पकड़

बॉलीवुड फिल्मों के बीच हॉलीवुड की एक्शन फ्रेंचाइजी ‘रेसिडेंट ईविल’ भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही। फिल्म ने रविवार को करीब 3.65 करोड़ रुपये कमाए। तीन दिनों में इसका ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 9.60 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

‘मिर्जापुर द मूवी’ का भौकाल कायम

वहीं, तीसरे हफ्ते में पहुंच चुकी ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कमाई भी मजबूत बनी हुई है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर इस फिल्म ने रविवार को करीब 5 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

फिल्म ने 17 दिनों में अब तक 215.70 करोड़ रुपये की कुल कमाई कर ली है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ के साथ-साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी अपनी पकड़ बनाए हुए है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular