जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ में तीन चरमपंथी मारे गए हैं. भारतीय सेना ने गुरुवार को बताया कि कुपवाड़ा ज़िले में एलओसी से सटे इलाक़े में दो अलग-अलग अभियानों में तीन चरमपंथी मारे गए हैं.
इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को यह अभियान मच्छल और तंगधार क्षेत्र में चलाया गया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए चीनार कोर ने बताया, “घुसपैठ की कोशिशों के संबंध में इंटेलीजेंस की सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने कुपवाड़ा के मच्छल क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया.”
“ख़राब मौसम में संदिग्ध गतिविधि देखी गई और हमारे सैनिकों के ऑपरेशन में दो चरमपंथियों के मारे जाने की संभावना है. ऑपरेशन जारी है.”
दूसरे अभियान के संबंध में एक अन्य पोस्ट में चीनार कोर ने लिखा, कुपवाड़ा के तंगधार में एक चरमपंथी के मारे जाने की संभावना है. ऑपरेशन अभी जारी है.”
