रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फ़लस्तीनी प्रशासन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास को अगले हफ़्ते होने वाली ब्रिक्स समिट में शामिल होने का न्योता भेजा है.
रूस की राजधानी मॉस्को में इकोनॉमिक फोरम के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि वह इसराइल और फ़लस्तीन दोनों ही देशों के नेताओं के साथ ही संपर्क में हैं और वह द्वि-राष्ट्र समाधान का समर्थन करते हैं.
पुतिन ने कहा कि हमने हमेशा से ही इसराइल और फ़लस्तीन के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के द्वि-राष्ट्र के प्रस्ताव का सम्मान किया है. इसे पूरा होना चाहिए. क्योंकि ऐसा ना होना ही सभी समस्याओं की जड़ है.
रूस के राष्ट्रपति ने कहा, “हमें विश्वास है कि ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान हम इस पर चर्चा करेंगे. मैंने फ़लस्तीनी प्राशासन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास को ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भेजा है.”
पुतिन ने कहा, “हमें उम्मीद है कि इसके ज़रिए हम इस पूरे मामले पर उनके आकलन और पक्ष को सुन और जान सकेंगे.”
