मध्य प्रदेश के जबलपुर ज़िले में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में आज सुबह धमाका होने से दर्जन भर से ज़्यादा लोग ज़ख्मी हो गए हैं.
शुरुआती जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 10:45 बजे के आस-पास धमाका हुआ. घटनास्थल पर मौजूद दर्जन भर से अधिक कर्मचारी इसमें बुरी तरह से चोटिल हुए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर है.
ऐसी आशंका जताई गई है कि फौज के लिए बनाए जाने वाले बम में बारूद भरते वक्त ये धमाका हुआ है.दरअसल जबलपुर में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया रक्षा मंत्रालय की गोला बारूद बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री है और यहां सेना के लिए लड़ाकू विमानों और युद्ध टैंकों के लिए भी बम बनाए जाते हैं.
सभी घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो मरीज़ों की हालत गंभीर बताई जा रही है.ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में आज सुबह एफ-6 क्षेत्र में यह धमाका हुआ और शुरुआती जानकारी के अनुसार इमारत का ये हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
यह इलाका फैक्ट्री के अंदर सुरक्षित इलाकों में से है जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश संभव नहीं है. ऐसे में ज्यादा जानकारी फैक्ट्री के तरफ से आधिकारिक बयान जारी होने पर ही मिल पाएगी.
