राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने एक संदेश में कहा, “सभी देशवासियों को मैं ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बधाई देती हूं. हम सब, ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के साल भर चलने वाले उत्सव का शुभारंभ कर रहे हैं.”
उन्होंने लिखा है, “18वीं सदी से ही, जनजातीय समाज ने, ब्रिटिश हुक़ूमत के अन्याय का संगठित विरोध किया था. साल 1855 में संथाल-हूल का नेतृत्व करने वाले बहादुर भाइयों सिद्धो-कान्हू और चांद-भैरव के साथ फूलो-झानो जैसी वीरांगना बहनों ने भी असाधारण साहस का परिचय दिया था.”राष्ट्रपति ने कहा, “वर्ष 2021 से भारत सरकार ने प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाने की परंपरा की शुरुआत की है.”
15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए एक संदेश साझा किया है. बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को हुआ था. 25 साल से कम की उम्र में ही उन्होंने अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ विद्रोह कर दिया था.सामान्य तौर पर उनको ‘भगवान बिरसा मुंडा’ कह कर संबोधित किया जाता है.
