बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के गठन के बाद भी छात्रों का प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है.शनिवार यानी आज बांग्लादेश में प्रदर्शनकारी छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का घेराव किया है.
बीबीसी बांग्ला सेवा के संवाददाता अकबर हुसैन के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे हज़ारों छात्र सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के इस्तीफे़ की मांग कर रहे हैं.
छात्रों का आरोप है कि मुख्य न्यायाधीश पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के पक्ष में न्यायिक तख़्तापलट करने के लिए काम कर रहे हैं.
इससे पहले बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन किया गया था. नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के तौर पर शपथ ली थी.
प्रोफ़ेसर यूनुस को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में नामित करने का फ़ैसला राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन, सैन्य नेताओं और छात्र नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया था.
