अमेरिका ने कहा है कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को हटाने में उसकी कोई भूमिका नहीं है. उसने कहा है उन्हें हटाए जाने में अमेरिका की भूमिका की बात ‘बिल्कुल झूठी’ है.
बांग्लादेश में पैदा राजनीतिक हालात के लिए अमेरिका को ज़िम्मेदार ठहराए जाने के सवाल पर व्हाहट हाउस की प्रवक्ता केरिन जीन-पियरे ने कहा, ”हमारी इसमें बिल्कुल भी भागीदारी नहीं है. ऐसी कोई भी रिपोर्ट या अफ़वाह बिल्कुल भी झूठी है.”
उन्होंने कहा,’’ये बांग्लादेश के लिए वहां के लोगों की इच्छा है. हमारा मानना है कि बांग्लादेश के लोग ही अपने देश का भविष्य तय करें.”
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना और उनके बेटे सजीब वाजिद जॉय ने कुछ अनाम विदेशी ताक़तों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बांग्लादेश में छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया था.
हालांकि उन्होंने इस दावे के समर्थन में अभी तक कोई पुख्ता सुबूत पेश नहीं किया है.
इस साल मई में शेख़ हसीना ने कहा था कि एयरबेस बनाने की इजाज़त न देने पर एक ‘गोरी चमड़ी’ वाला देश उनकी सरकार के ख़िलाफ़ साज़िश कर रहा है.
