झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को बीजेपी पर निशाना साधा और कई आरोप लगाए.
झारखंड के गोड्डा में एक सरकारी आयोजन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “बीजेपी अलग-अलग राज्यों से लोगों को लाकर यहां आदिवासी, पिछड़ा, अल्पसंख्यक के ऊपर ज़हर बोने का काम करती है और एक दूसरे से लड़वाने का काम करती है.”
हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, “समाज तो छोड़ो ये घर तुड़वाने का काम भी करते हैं. पार्टी तोड़ने का काम करते हैं. आए दिन ये विधायकों को ख़रीदने का काम करते हैं.”
हेमंत ने कहा कि पैसा ऐसी चीज़ है कि लोगों को इधर-उधर घसीटने में देरी नहीं लगती है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार 2019 से लगातार जनता के बीच में खड़ी है.
इससे पहले चम्पाई सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़कर बीजेपी के साथ जाने की चर्चाओं के बीच जेएमएम ने इसे बीजेपी का प्रॉपेगैंडा बताया दिया था.
चम्पाई सोरेन के घर से जेएमएम के झंडे हट गए हैं. उन्होंने अपने एक्स प्रोफ़ाइल से भी जेएमएम हटा दिया है.
रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखी और पार्टी से नाराज़गी की वजहें बताईं. साथ ही उन्होंने कहा कि इस सफ़र में उनके लिए “सभी विकल्प खुले हुए हैं.”
