असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वो चाहते हैं कि चंपाई सोरेन बीजेपी में आएं और पार्टी को ताक़त दें.
उन्होंने कहा कि “मगर वो बड़े नेता हैं, उनके बारे में टिप्पणी करना मुझे ठीक नहीं लगता. अगर वो दिल्ली आए हैं, तो बात करने की कोशिश करूंगा.”
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “मैं तो चाहता हूं हेमंत सोरेन भी बीजेपी में आएं. बीजेपी का मतलब है राष्ट्रभक्ति. हम मिलकर काम करेंगे. झारखंड में घुसपैठियों को रोकने के लिए हम हेमंत सोरेन से बात करने के लिए भी तैयार हैं.”
उन्होंने कहा, “हमें झारखंड को बचाना है. हमारे लिए देश प्रथम है. आज झारखंड के सामने घुसपैठियों की समस्या सबसे बड़ी है. हमारी पार्टी का यही मक़सद है कि जो चुनाव के समय वादे किए थे, उन्हें निभाएं और झारखंड को घुसपैठियों से मुक्त करें.”
